तुरंत जारी करने हेतु

सायनोजेन, एंड्रॉयड और प्लेट्रॉन लॉन्च करने वाली टीम ने पेश किया KORA: इंटेलिजेंस के दौर का नया डेस्कटॉप ऑपरेटिंग सिस्टम, हर मॉडल और एजेंट के लिए खुला

कर्नेल से ही लिनक्स पर बना KORA लोकल मॉडल, फ्रंटियर मॉडल और एजेंट सेवाओं को सिस्टम-स्तर का वह जुड़ाव देता है जो बंद प्लेटफ़ॉर्म नहीं दे सकते, और पूरा ऑपरेटिंग सिस्टम हर मॉडल, हर AI सेवा और हर एजेंट के लिए खोलता है।

यह अमेरिकी समय के अनुसार 10 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति का हिंदी अनुवाद है। अंग्रेज़ी पाठ ही आधिकारिक है, और विषय-वस्तु व व्याख्या के लिए अंग्रेज़ी पाठ मान्य होगा।

पालो आल्टो, कैलिफ़ोर्निया (अमेरिका), 10 नवंबर 2026 — KORA Systems Inc. ने आज KORA पेश किया, जो इंटेलिजेंस के लिए ऑपरेटिंग सिस्टम (The Operating System for Intelligence) है: लिनक्स पर बना एक नया डेस्कटॉप ऑपरेटिंग सिस्टम, जिसमें मॉडल और एजेंट खुद ऑपरेटिंग सिस्टम का हिस्सा हैं। KORA ऐसी कंपनी है जिसका पूरा काम इंटेलिजेंस के लिए एक सच्चा नेटिव डेस्कटॉप ऑपरेटिंग सिस्टम बनाना है। इसकी टीम पहले ही तीन ऑपरेटिंग सिस्टम, सायनोजेन (Cyanogen), एंड्रॉयड (Android) और GameOS, एक अरब से ज़्यादा डिवाइस तक पहुंचा चुकी है।

चुनौती

आज इस्तेमाल होने वाला हर डेस्कटॉप ऑपरेटिंग सिस्टम इंटेलिजेंस के आने से पहले ही पूरा हो चुका था। macOS और विंडोज़ पर AI एक ब्राउज़र टैब या ऐप सैंडबॉक्स में रहता है। वह न उस मशीन को देख पाता है जिस पर चल रहा है, न नीचे के सिलिकॉन का काम तय कर पाता है, और न आसपास की फ़ाइलों, मेमोरी और ऐप्लिकेशन तक पहुंच पाता है। दोनों प्लेटफ़ॉर्म बंद हैं, इसलिए जुड़ाव वहीं रुक जाता है। लिनक्स अकेला ऐसा ऑपरेटिंग सिस्टम है जिसे इंटेलिजेंस पूरी तरह बदल सकता है। KORA वही बदलाव है।

ऑपरेटिंग सिस्टम

KORA कर्नेल से शेल तक एक ही विचार पर बना है: इंटेलिजेंस ऑपरेटिंग सिस्टम के भीतर होना चाहिए। KORA का Cortex इस ऑपरेटिंग सिस्टम का तंत्रिका तंत्र है। यह लोकल मॉडल के लिए अनुकूलित हाइब्रिड इंफरेंस इंजन है, जो मशीन की हर चिप (CPU, GPU और NPU) और नेटवर्क की हर मशीन को एक कंप्यूटर बना देता है। लोकल मॉडल डिफ़ॉल्ट रूप से उपयोगकर्ता के अपने सिलिकॉन पर चलते हैं, और काम की ज़रूरत होने पर फ्रंटियर मॉडल जुड़ जाते हैं। न्यूरल वर्कस्पेस और फ़ाइल सिस्टम फ़ोल्डर-और-ऐप वाले डेस्कटॉप की जगह ऐसा डेस्कटॉप लाते हैं जो इरादे, संदर्भ और मेमोरी के इर्द-गिर्द बना है। हर वर्कस्पेस अपने ऐप्लिकेशन और एजेंटों के लिए एक सुरक्षित सैंडबॉक्स है, जिसकी अनुमतियां उपयोगकर्ता खुद संभालते हैं, और मेमोरी व संदर्भ उपयोगकर्ता के अपने कंप्यूटर पर ही रहते हैं। KORA SDK के ज़रिये थर्ड-पार्टी, प्रोजेक्ट, मेमोरी, संदर्भ, सिमैंटिक सर्च और ईमेल जैसी KORA की बुनियादी क्षमताओं के साथ जुड़ सकते हैं।

“डेस्कटॉप ऑपरेटिंग सिस्टम ही परम हार्नेस है। आज लगभग 10 करोड़ लोग AI के लिए भुगतान करते हैं, जो दुनिया की आबादी का लगभग एक प्रतिशत है। इस खर्च का चार-पाँचवाँ हिस्सा इनमें से 4.5 करोड़ लोगों से आता है। ये AI-नेटिव प्रोज़्यूमर हैं, जो दिन भर एजेंट और कोडिंग टूल्स चलाते हैं, और इनका लगभग सारा काम ऐसे डेस्कटॉप पर होता है जो 40 साल पहले बने ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है। 2033 तक AI के लिए भुगतान करने वाले लोग 40 करोड़ होंगे, जिनमें 15 करोड़ AI-नेटिव होंगे, और हर साल का खर्च आधा ट्रिलियन डॉलर होगा। AI-नेटिव ही KORA का बाज़ार है। बाकी सब अतिरिक्त अवसर है। उनके लिए अब तक किसी ने ऑपरेटिंग सिस्टम नहीं बनाया। KORA पहला है।”
(KORA Systems Inc. मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) कर्ट मैकमास्टर (Kirt McMaster))

खुला इकोसिस्टम

खुलापन ही मूल बात है। KORA का लक्ष्य एक खुला इंटेलिजेंस इकोसिस्टम है: ऐसा ऑपरेटिंग सिस्टम जो हर मॉडल, हर AI सेवा और हर एजेंट के लिए खुला हो, और जिसमें पार्टनर सिस्टम-स्तर पर जुड़ सकें। KORA के अपने ऐप्लिकेशन के पीछे की क्षमताएं, जिनमें मेमोरी, न्यूरल वर्कस्पेस और फ़ाइल सिस्टम शामिल हैं, उन्हीं उपयोगकर्ता-नियंत्रित अनुमतियों के तहत थर्ड-पार्टी डेवलपर्स के लिए भी उपलब्ध होंगी। कोई लोकल मॉडल मशीन का डिफ़ॉल्ट दिमाग बन सकता है। कोई एजेंट सेवा ऑपरेटिंग सिस्टम के हिस्से के रूप में चल सकती है, और ऑपरेटिंग सिस्टम की दी हुई पहचान, मेमोरी, अनुमतियां और कंप्यूटिंग क्षमता इस्तेमाल कर सकती है। प्रोजेक्ट के पहले दिन से यही KORA की सोच रही है, और यही वह चीज़ है जिसकी नकल कोई मौजूदा दिग्गज नहीं कर सकता। उनके प्लेटफ़ॉर्म डिज़ाइन से ही बंद हैं, और उनका इंटेलिजेंस उनके बिज़नेस मॉडल के लिए काम करता है। KORA कीबोर्ड पर बैठे व्यक्ति के लिए काम करता है।

शुरुआत

KORA की शुरुआत प्लेट्रॉन (Playtron) से हुई, जिसे मैकमास्टर ने गेमिंग PC पर विंडोज़ की पकड़ तोड़ने के लिए स्थापित किया था। प्लेट्रॉन ने GameOS बनाया, जो कर्नेल से कंपोज़िटर तक एक पूरा लिनक्स ऑपरेटिंग सिस्टम है, और उसे रिकॉर्ड समय में और रिकॉर्ड कम बजट में डिवाइस पर उतारा। इस काम से वह चीज़ तैयार हुई जो हर इंटेलिजेंट ऑपरेटिंग सिस्टम को चाहिए और जो कोई ऐप्लिकेशन नहीं दे सकता: एक पूरा ऑपरेटिंग सिस्टम, जिस पर टीम का शुरू से अंत तक नियंत्रण हो। नवंबर 2025 से GameOS बनाने वाले वही इंजीनियर इसी नींव पर KORA विकसित कर रहे हैं। GameOS अब KORA के भीतर उसके प्ले मोड GameFrame के रूप में जारी है: एक क्लिक में KORA डेस्कटॉप PC गेम लाइब्रेरी चलाने वाला गेम कंसोल बन जाता है। Work, Create और Play, एक ही मशीन पर।

“जब मैं एंड्रॉयड से जुड़ा तब उसके एक लाख उपयोगकर्ता थे, और जब मैंने छोड़ा तब एक अरब। वह वहां तक इसलिए पहुंचा क्योंकि वह हर उस व्यक्ति के लिए खुला था जो उस पर कुछ बनाना चाहता था। इंटेलिजेंस अगला प्लेटफ़ॉर्म बदलाव है, और उसे भी यही चाहिए: ऐसा ऑपरेटिंग सिस्टम जिसमें हर मॉडल, हर सेवा और हर एजेंट को बराबर का दर्जा मिले। KORA पहले दिन से वह दरवाज़ा खोलता है। जो इकोसिस्टम उस दरवाज़े से आएगा, वही अगले दशक की कंप्यूटिंग तय करेगा।”
(KORA Systems Inc. मुख्य व्यवसाय अधिकारी (CBO) जॉन लैगरलिंग (John Lagerling))

किसके लिए

KORA सबसे पहले डेवलपर्स और क्रिएटर्स के लिए बना है: वे लोग जो पहले से इंटेलिजेंस के लिए भुगतान करते हैं, अपने सिलिकॉन पर मॉडल चलाते हैं और इसके लिए हार्डवेयर खरीदते हैं। KORA के अपने ऐप्लिकेशन संवाद, व्यवस्था और सृजन को एक ही एनवायरनमेंट में जोड़ते हैं, ताकि लोग संदर्भ दोबारा बनाए बिना विचारों, टूल्स और एजेंटों के बीच आ-जा सकें। KORA पर एक ही वर्कफ़्लो एक लोकल मॉडल, एक फ्रंटियर मॉडल और दर्जन भर एजेंट सेवाओं को साथ ले सकता है, पूरी मशीन पर उनका काम बांटा जाता है, और नतीजे ऐसे वर्कस्पेस में पहुंचते हैं जो याद रखता है।

उपलब्धता

KORA 2027 में PC पर आएगा, जिसमें क्वालकॉम टेक्नोलॉजीज़ के साथ KORA के सहयोग के ज़रिये स्नैपड्रैगन वाले PC भी शामिल हैं। KORA जिस एंटरप्राइज़ ऑपरेटिंग सिस्टम HUMAIN OS को HUMAIN के साथ मिलकर विकसित कर रहा है, उसकी घोषणा अलग से हुई थी और उसे 2027 में लाने की योजना है। ताज़ा जानकारी और पूरी कहानी kora.fun पर है।

KORA के बारे में

KORA Systems Inc. इंटेलिजेंस के लिए ऑपरेटिंग सिस्टम KORA बना रहा है, जो इंटेलिजेंट PC के दौर के लिए डेस्कटॉप की बिल्कुल नई कल्पना है। KORA का Cortex इस ऑपरेटिंग सिस्टम का तंत्रिका तंत्र है: लोकल मॉडल के लिए अनुकूलित हाइब्रिड इंफरेंस इंजन, जो मशीन की हर चिप और नेटवर्क की हर मशीन को एक कंप्यूटर बना देता है। न्यूरल वर्कस्पेस और फ़ाइल सिस्टम इसका नया यूज़र अनुभव हैं। टीम की जड़ें ऑपरेटिंग सिस्टम इंजीनियरिंग और प्लेटफ़ॉर्म इकोसिस्टम बनाने में गहरी हैं; वह तीन ऑपरेटिंग सिस्टम, सायनोजेन, एंड्रॉयड और GameOS, एक अरब से ज़्यादा डिवाइस तक पहुंचा चुकी है। KORA Systems Inc. के निवेशकों में सैमसंग, स्क्वेयर एनिक्स, पॉलीचेन, वैनएक, सर्कल और एलुमनाई वेंचर्स शामिल हैं। KORA के बारे में अधिक जानकारी के लिए kora.fun देखें।

मीडिया संपर्क
pr@kora.inc


###
